असम के हैलाकांडी जिले में दो संगठनों के 1,179 ब्रू उग्रवादियों ने सोमवार को आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (विशेष शाखा) हिरेन चंद्र नाथ ने कहा कि यूनाइटेड डेमोक्रेटिक लिबरेशन फ्रंट ऑफ़ बराक वैली (यूडीएलएफ-बीवी) और ब्रू रिवोल्यूशनरी आर्मी ऑफ़ यूनियन (बीआरएयू) से जुड़े उग्रवादियों ने 18 एके राइफल, एम16 राइफल सहित 350 आग्नेयास्त्र और 400 से अधिक कारतूस भी सौंपे।
दोनों संगठन ज्यादातर असम-मिजोरम सीमा से सटे इलाकों में सक्रिय थे।अधिकारी ने कहा, इन दोनों समूहों के साथ 2017 से शांति प्रक्रिया चल रही थी। कुछ मतभेद थे लेकिन मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के मार्गदर्शन में हम उन्हें बातचीत की मेज पर आने के लिए मना सके।उन्होंने कहा, अन्य औपचारिकताएं और पुनर्वास प्रक्रिया जल्द ही शुरू होगी। हम इस प्रक्रिया को इस तरह आगे बढ़ाएंगे कि भविष्य में क्षेत्र में कोई नया उग्रवादी समूह न बने।
पहले से कर रखा था संघर्षविराम
अधिकारियों ने कहा कि इन उग्रवादियों ने सुरक्षाबलों के साथ पहले से ही संघर्षविराम कर रखा था और आज अंतत: उन्होंने औपचारिक रूप से असम विधानसभा के अध्यक्ष विश्वजीत दैमारी तथा राज्य के जल संसाधन मंत्री पीयूष हजारिका के समक्ष अपने हथियार डाल दिए।


Download Android App
Download iOS App



