तेजप्रताप पर सुशील मोदी का तंज, बोले- जो PM को धमकी दे सकता है, उसे बाहरी लोगों से क्या खतरा

Summary :

मंगलवार को ईद के मौके पर तेजप्रताप ने दावा किया था कि महुआ में एक हथियार से लैस शख्स ने उनका हाथ पकड़ लिया था। जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उसे धर दबोचा।

राष्ट्रीय जनता दल के नेता और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव के मारने की साजिश के दावे पर बिहार के उपमुख्यमंत्री और बीजेपी वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी ने तेजप्रताप पर तंज कसा है। उन्होंने कहा है कि जो पीएम को धमकी दे सकता है, उन्हें बाहरी लोगों से क्या खतरा?

सुशील कुमार मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा, आरजेडी की आपराधिक संस्कृति में पले लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव अपनी पार्टी में उपेक्षा का शिकार हैं, इसलिए सुर्खियों में आकर सहानुभूति पाने के लिए अपनी असुरक्षा का नाटक कर रहे हैं। उन्हें बीजेपी पर आरोप लगाने से पहले अपने आस-पास के लोगों की सही पहचान करनी चाहिए।’

तेज प्रताप यादव का बड़ा आरोप, कहा – बीजेपी और आरएसएस मुझे मारना चाहते हैं

उन्होंने इस पोस्ट के नीचे एक फोटो शेयर किया है, जिस पर लिखा है- ‘जो पीएम की चमड़ी उधेड़ने की धमकी दे सकता है, उसे बाहरी लोगों से क्या खतरा हो सकता है?’

बता दें कि मंगलवार को ईद के मौके पर तेज प्रताप ने दावा किया था कि महुआ में एक हथियार से लैस शख्स ने उनका हाथ पकड़ लिया था। जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उसे धर दबोचा। हालांकि इस मामले में खुलासा नहीं हुआ है कि वह भीड़ में हथियार लेकर क्या कर रहा था या उसकी क्या मंशा थी। वहीं, इस घटना पर तेजप्रताप ने कहा था कि बीजेपी और आरएसएस उन्हें मारने की साजिश रच रही है।

Desk Team