बीएसएफ (सीमा सुरक्षा बल) ने बुधवार देर रात को पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा पर गोलीबारी में एक संदिग्ध पशु तस्कर को मार गिराया। यह जानकारी पुलिस द्वारा दी गई है। पुलिस ने बताया कि बीएसएफ ने पश्चिम बंगाल के दिनहाटा में गितालदह सीमा चौकी क्षेत्र के काशिमघाट में देर रात करीब ढाई बजे 15-20 संदिग्ध पशु तस्करों के एक समूह ने बीएसएफ कर्मियों से उनकी इंसास राइफल छीनने की कोशिश की, जिसके बाद उन्होंने तस्करों पर गोलियां चलाई।
घटना में एक जवान भी हुआ घायल
गुवाहाटी में बीएसएफ के प्रवक्ता ने बताया कि, एक संदिग्ध तस्कर गोली लगने से घायल हो गया जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। यह इलाका बीएसएफ गुवाहाटी फ्रंटियर के अधिकार क्षेत्र में आता है। कूचबिहार जिले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, गोलीबारी में गितालदह ब्लॉक दो का निवासी लुत्पर रहमान घायल हो गया। उसे बीएसएफ ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। रहमान इलाके का एक कुख्यात पशु तस्कर था। इस घटना में बीएसएफ का एक जवान भी घायल हो गया।
जवानों ने आत्मरक्षा में चलाई गोली : बीएसएफ
अधिकारी ने बताया कि बीएसएफ ने तस्करों को रोकने की कोशिश की लेकिन जैसे ही तस्करों और बीएसएफ के जवानों में हाथापाई शुरू हुई उन्होंने कर्मियों से इंसास राइफलें छीनने की कोशिश की जिसके बाद सुरक्षा बलों ने आत्मरक्षा में छह राउंड गोली चलाई। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बुधवार को मादक पदार्थों की तस्करी के प्रयास को विफल करने के दौरान बीएसएफ के जवानों की गोलीबारी में एक बांग्लादेशी मारा गया।


Download Android App
Download iOS App



