मुंबई पुलिस ने उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर के निकट विस्फोटक सामग्री रखी एसयूवी मिलने और कारोबारी मनसुख हिरन की हत्या के मामले में एनआईए द्वारा गिरफ्तार किये गए निरीक्षक सुनील माने को शनिवार को निलंबित कर दिया।
एक अधिकारी ने बताया कि सुबह उनके निलंबन का आदेश जारी किया गया।एसयूवी मिलने और हिरन हत्या दोनों मामलों की जांच कर रहे राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने कथित संलिप्तता के लिये शुक्रवार को माने को गिरफ्तार किया था।
अंबानी की सुरक्षा से जुड़े मामले में सहायक पुलिस निरीक्षक सचिन वाजे की गिरफ्तारी के बाद अपराध शाखा में हुए फेरबदल में माने का स्थानीय शस्त्र विभाग में तबादला कर दिया गया था। माने इससे पहले मुंबई अपराध शाखा की इकाई-11 (कांडिवली) के प्रभारी थे।
एनआईए ने शुक्रवार को दावा किया था कि जांच के दौरान हिरन की हत्या की साजिश में माने की संलिप्तता की बात सामने आई है।माने की गिरफ्तारी के बाद एनआईए की विशेष अदालत ने उन्हें 28 अप्रैल तक केन्द्रीय जांच एजेंसी की हिरासत में भेज दिया।
दक्षिण मुंबई में अंबानी के घर के पास 25 फरवरी को एक एसयूवी से विस्फोटक सामग्री बरामद की गई थी। ठाणे के व्यापारी हिरन ने दावा किया था कि यह उनकी एसयूवी थी, जो अंबानी के घर के पास बरामद होने से पहले चोरी हो गई थी। बाद में पांच मार्च को हिरन का शव ठाणे में एक नहर से बरामद किया गया था।


Download Android App
Download iOS App



