TMC प्रमुख के बयान पर सुवेंदु का पलटवार, बोले-“किलिंग हब” है ममता बनर्जी का पश्चिम बंगाल

Summary :

लखीमपुर खीरी घटना पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने राज्य सरकार पर हमला करते हुए यूपी को “किलिंग राज्य” बताया। उनके इस बयान पर बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने पलटवार किया है।

उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में हुई घटना के बाद से योगी सरकार विपक्ष के तीखे बयानों का सामने कर रही है। घटना पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने भी राज्य सरकार पर हमला करते हुए यूपी को ”किलिंग राज्य” बताया था। टीएमसी प्रमुख के इस बयान पर बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने पलटवार किया है।
राज्य सभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने टीएमसी प्रमुख के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव के बाद बंगाल में 55 बीजेपी कार्यकर्ताओं की हत्या की गई थी। “किलिंग हब” ममता बनर्जी का पश्चिम बंगाल है।
ममता ने UP को बताया “किलिंग राज्य” 
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने लखीमपुर खीरी घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है। इस घटना की निंदा करने के लिए मेरे पास शब्द भी नहीं है। वे (बीजेपी) लोकतंत्र में विश्वास नहीं करते है, वे “ऑटोक्रेसी” चाहते हैं। क्या यह राम राज्य है? नहीं, यह “किलिंग राज्य” है।’
विपक्ष ने शेयर किया घटना का Video
दरअसल, रविवार को लखीमपुर खीरी में हुए बवाल में चार किसानों समेत आठ की मौत हो गई। घटना को लेकर केंद्रीय मंत्री अजय मिश्रा के बेटे आशीष पर किसानों पर गाड़ी चढ़ाए जाने का गंभीर आरोप लगा है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने घटना का दावा करते हुए एक वीडियो भी शेयर किया जिसमें एक गाड़ी आंदोलकारी किसानों को रौंदते हुए आगे बढ़ रही है। घटना के बाद से विपक्षी दल लगातार उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

लखीमपुर खीरी घटना : BJP सांसद वरुण गांधी ने की आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

Desk Team