भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को पार्टी की कर्नाटक इकाई को उन स्थानों पर संगठन को मजबूत बनाने के लिए कहा, जहां पर पार्टी का प्रदर्शन कमजोर रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों के बीच राज्य और केंद्र सरकार के कार्यों के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए प्रदेश इकाई का बहुत मजबूत आईटी सेल भी होना चाहिए और जमीनी स्तर पर पार्टी के राजनीतिक एजेंडा के बारे में विमर्श होना चाहिए।
नड्डा ने कहा, ‘‘कर्नाटक में संगठन मजबूत है लेकिन कुछ ऐसे स्थान हैं जहां पर हम कमजोर हैं। पुराने मैसूर जैसे क्षेत्रों में पार्टी का प्रदर्शन कमजोर हैं, वहां हमें संगठन को मजबूत करना होगा।’’ कर्नाटक भाजपा के नए पदाधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी जहां भी मजबूत हैं, उनमें कुछ ऐसे स्थान भी हैं जहां हम कमजोर हैं और इन्हें चिन्हित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश इकाई के प्रमुख नलिन कटील को प्रत्येक पदाधिकारी को ऐसे क्षेत्रों की जिम्मेदारी देनी चाहिए।
भाजपा पुराने मैसूर या दक्षिण कर्नाटक के क्षेत्र में मजबूत नहीं है और इन क्षेत्रों में कांग्रेस और जद(एस) का दबदबा रहा है। हालांकि, 2019 के लोकसभा चुनाव और दिसंबर में उपचुनाव में पार्टी ने इन क्षेत्रों में मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई थी।


Download Android App
Download iOS App



