चुनाव में जीत पाने के लिए अक्सर उम्मीदवार स्थानीय समस्याओं के निपटारे और विकास आदि के मुद्दे पर वोट मांगे है। लेकिन तमिलनाडु में उम्मीदवार ऐसे-ऐसे वादे कर रहे हैं, जो हैरान करने के साथ-साथ, हास्यप्रद हैं। दरअसल, तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत मिलने पर लोगों को एक मिनी हेलीकॉप्टर, एक करोड़ रुपये सालाना डिपोजिट, शादियों में सोने के जेवरात, तीन मंजिला घर देने का वादा किया है। इतना ही नहीं उन्होंने अपने चुनावी घोषणापत्र में मतदाताओं को चांद पर सफर कराने का वादा भी किया है।
मदुरै दक्षिण क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार थुलम सरवनन ने अपने चुनावी वादों में अपने निर्वाचन क्षेत्र में एक रॉकेट लॉन्च पैड, इलाके को ठंडा रखने के लिए 300 फुट ऊंचा कृत्रिम बर्फ का पहाड़, गृहिणियों के काम का बोझ कम करने के लिए एक रोबोट देने का भी वादा किया है। लेकिन ये सिर्फ उनके अभियान का एकa हिस्सा है।
थुलम सरवनन ने कहा कि, “मैं हर घर के लिए एक हेलीकाप्टर और कार, तीन मंजिला घर और चंद्रमा की यात्रा का वादा करता हूं। लोग मुझसे पूछते हैं कि क्या यह सब संभव है। मुझे विश्वास है। यह संभव है लेकिन हमें थोड़ा अतिरिक्त खर्च करना होगा।”
मीडिया रिपॉर्ट के मुताबिक, थुलम सरवनन ने कहा, “मेरा उद्देश्य राजनीतिक पार्टियों द्वारा चुनावी मैदान में उतारे जा रहे उम्मीदवारों के खिलाफ जागरूकता बढ़ाना है। मैं चाहता हूं कि पार्टियां अच्छे उम्मीदवार चुनें, जो साधारण विनम्र लोग हों। साथ ही नेताओं के बड़े वादों को उजागर करना भी मेरा उद्देश्य है।”
20 हजार रुपये उधार लेकर नामांकन पत्र दाखिल करने वाले सरवनन अपने गरीब बुजुर्ग माता-पिता के साथ रहते हैं। उन्होंने अपना चुनाव चिन्ह कचरे का बॉक्स रखा है। अपनी एक फेसबुक पोस्ट में उन्होंने लिखा, “मदुरै दक्षिण निर्वाचन क्षेत्र के प्रिय मतदाताओं, बिना रिश्वत, बिना भ्रष्टाचार के ईमानदार राजनीति को आगे बढ़ाने के लिए कचरे के डिब्बे को वोट दीजिए।”


Download Android App
Download iOS App



