देश के दक्षिण राज्य तमिलनाडु के तंजावुर जिले में जबरन धर्मांतरण करवाने के लिए लगातार प्रताड़ित करने का आरोप लगाकर आत्महत्या करने वाली 12वीं कक्षा की छात्रा लावण्या के मामले को लेकर भाजपा ने तमिलनाडु की एमके स्टालिन सरकार पर निशाना साधा है। राज्य की स्टालिन सरकार की भूमिका पर सवाल उठाते हुए भाजपा ने इस मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है। इस पूरे मामले की प्राथमिक जांच के लिए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी के 4 महिला सदस्यों की कमेटी भी बनाई है। भाजपा महिला नेताओं की यह कमेटी घटना स्थल का मुआयना कर पीड़ित परिवार और इस मामले से जुड़े सभी पक्षों से बात कर अपनी रिपोर्ट राष्ट्रीय अध्यक्ष को सौंपेगी।
पुलिस की जांच पर भी उठाए सवाल
भाजपा राष्ट्रीय मुख्यालय में मीडिया से बात करते हुए भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं तमिलनाडु की विधायक वानाती श्रीनिवासन ने राज्य में जबरन किए जा रहे धर्मांतरण को लेकर तमिलनाडु सरकार पर निशाना साधते हुए इसके खिलाफ कठोर कानून बनाने की भी मांग की। उन्होंने जांच में पुलिस के रवैये पर सवाल उठाते हुए इस मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए मामले की सीबीआई जांच करवाने के साथ ही पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की भी मांग की।
कांग्रेस भी डीएमके की सहयोगी है : भाजपा
राज्य सरकार की भूमिका पर सवाल उठाते हुए भाजपा महिला मोर्चा की अध्यक्ष ने कहा कि तमिलनाडु में डीएमके की सरकार है और कांग्रेस भी इनकी सहयोगी है। उन्होंने सेलेक्टिव पॉलिटिक्स को लेकर विरोधी दलों की भूमिका पर भी सवाल खड़ा किया। इस मामले को लेकर भाजपा ने राज्य की डीएमके सरकार के खिलाफ राजनीतिक मोर्चा खोल रखा है और लगातार मुख्यमंत्री एमके स्टालिन को निशाना बना रही है।


Download Android App
Download iOS App



