चेन्नई : तमिलनाडु में सत्तारूढ़ अन्नाद्रमुक ने राज्यसभा के लिए राज्य में 18 जुलाई को होने वाले चुनावों में पूर्व मंत्री ए मोहम्मदजन और एन चंद्रशेखरन को अपना उम्मीदवार बनाया है।
अन्नाद्रमुक ने एक विज्ञप्ति में अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की और कहा कि चुनाव पूर्व समझौते के तहत एक सीट पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) को दी गयी है। इस बीच, उम्मीद के मुताबिक पीएमके ने पार्टी संस्थापक एस रामदॉस की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक के बाद राज्यसभा चुनावों के लिए अपने नेता अंबुमणि रामदॉस को अपना उम्मीदवार बनाने की घोषणा की है।
वहीं, एमडीएमके महासचिव वाइको और द्रमुक के एम शनमुगम और वरिष्ठ अधिवक्ता पी विल्सन ने भी तमिलनाडु से रिक्त हुई राज्य सभा की छह सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है।
राज्य में सत्तारूढ़ अन्नाद्रमुक और मुख्य विपक्षी द्रमुक के संख्या बल के मुताबिक दोनों पार्टियां राज्य सभा के लिए तीन-तीन उम्मीदवारों को निर्वाचित कर सकती है।
मोहम्मदजन 2011 से 2013 तक जयललिता सरकार में पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री थे। चंद्रशेखरन लंबे समय से पार्टी के पदाधिकारी रहे हैं। वह अन्नाद्रमुक के मेट्टूर (सलेम उपनगर पार्टी जिला) नगर पार्टी सचिव हैं।


Download Android App
Download iOS App



