तमिलनाडु : पेरियार की प्रतिमा क्षतिग्रस्त की गई, 2 व्यक्ति गिरफ्तार

Summary :

NULL

तमिलनाडु के वेल्लोर जिले में आज रात समाज सुधारक एवं द्रविड़ आंदोलन के संस्थापक ई वी रामासामी ”पेरियार” की प्रतिमा कथित रूप से क्षतिग्रस्त कर दी गई। पुलिस ने दावा किया कि इस घटना को नशे में रहे दो व्यक्तियों ने अंजाम दिया। यह घटना राजनीतिक रूप से महत्व रखती है क्योंकि भाजपा के एक नेता ने संकेत दिया था कि तर्कवादीनेता की प्रतिमा का अगला नम्बर हो सकता है जिसे गिराया जा सकता है।

इससे पहले लेनिन की प्रतिमा को त्रिपुरा में संदिग्ध भाजपा कार्यकर्ताओं ने गिरा दिया था। जिले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है जिनकी पहचान मुथुरमन और फ्रांसिस के तौर पर हुई है। दोनों ने नशे की हालत में तिरूपत्तूर में प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर दी। पुलिस ने बताया कि दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पुलिस ने बताया कि संदेह है कि मुथुरमन भाजपा का कार्यकर्ता है, वहीं माना जाता है कि फ्रांसिस भाकपा का कार्यकर्ता है। इससे पहले दिन में भाजपा नेता एच राजा ने तमिल में की गई एक फेसबुक पोस्ट में कहा, ”लेनिन कौन है तथा लेनिन और भारत के बीच क्या संबंध है? भारत और कम्युनिस्टों के बीच क्या संबंध है? आज त्रिपुरा में लेनिन की प्रतिमा हटाई गई और कल तमिलनाडु में ई वी रामासामी की प्रतिमा होगी।” पोस्ट बाद में हटा दी गई थी।

अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।

Desk Team