शिक्षक भर्ती घोटाला मामले में गिरफ्तार पश्चिम बंगाल के मंत्री पार्थ चटर्जी को आज ‘एयर एम्बुलेंस’ के जरिए भुवनेश्वर लाया गया, जहां उन्हें AIIMS अस्पताल में भर्ती कराया गया। कलकत्ता हाई कोर्ट ने रविवार को ईडी को गिरफ्तार मंत्री पार्थ चटर्जी को सोमवार सुबह ‘एयर एम्बुलेंस’ से एम्स भुवनेश्वर ले जाने का निर्देश दिया था।
कथित घोटाले को लेकर ईडी की जांच के सिलसिले में चटर्जी को गिरफ्तार किया गया है। जब यह कथित घोटाला हुआ था, उस समय चटर्जी शिक्षा मंत्री थे। ईडी के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘कलकत्ता हाई कोर्ट के निर्देशानुसार उन्हें (चटर्जी को) एक एयर एम्बुलेंस से भुवनेश्वर ले जाया गया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारे अधिकारी उन्हें लेने के लिए ओडिशा एयरपोर्ट पर मौजूद हैं।’’
ईडी की गिरफ्त में अर्पिता मुखर्जी, स्पेशल कोर्ट में किया जाएगा पेश
इससे पहले चटर्जी को सरकारी एसएसकेएम अस्पताल से एक एम्बुलेंस के जरिए कोलकाता एयरपोर्ट ले जाया गया। चटर्जी का एसएसकेएम अस्पताल में इलाज चल रहा था। कोलकाता पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि चटर्जी को ले जाने के लिए हरित गलियारा बनाया गया था, जिससे वह करीब 30 मिनट में यहां हवाईअड्डे पहुंच गए।
ईडी के अधिकारी ने बताया कि चटर्जी के दो वकील भी उनके साथ यात्रा कर रहे हैं। राज्य के उद्योग एवं संसदीय मामलों के मंत्री चटर्जी को कोलकाता की एक निचली अदालत ने सोमवार तक ईडी की हिरासत में भेजा था।


Download Android App
Download iOS App



