‘अग्निपथ’ योजना के खिलाफ देश के अलग-अलग हिस्सों में आंदोलन तेज हो गया है। सेना भर्ती के लिए इस नयी प्रक्रिया को लेकर शुरू हुआ विरोध अब जानलेवा हो चला है। तेलंगाना के सिकंदराबाद में ‘अग्निपथ’ के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान एक युवक की मौत हो गई। वहीं 8 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस फायरिंग में एक युवक की मौत
दरअसल, आज सुबह अग्निपथ योजना के खिलाफ बड़ी संख्या में युवा सिकंदराबाद के रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। इस दौरान कुछ उपद्रवियों ने ट्रेन में आग लगा दी औैर जमकर तोड़फोड़ की। उन्होंने पुलिस पर भी पत्थरबाजी की और उन्हें नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा बलों को फायरिंग करनी पड़ गई।

खबर है कि पुलिस फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई है, जबकि 8 लोग बुरी तरह जख्मी हुए हैं। घायलों को सिकंदराबाद के ही गांधी अस्पताल में एडमिट कराया गया है। तेलंगाना शहर के मुख्य रेलवे स्टेशन पर सैकड़ों युवा पहुंचे थे और तोड़फोड़ कर रहे थे। एक ट्रेन में आगजनी भी की गई।
ट्रेनों को निशाना बना रहे हैं प्रदर्शनकारी
उल्लेखनीय है कि सरकार ने दशकों पुरानी रक्षा भर्ती प्रक्रिया में आमूल-चूल परिवर्तन करते हुए तीनों सेनाओं में सैनिकों की भर्ती संबंधी ‘अग्निपथ’ योजना की मंगलवार को घोषणा की थी, जिसके तहत सैनिकों की भर्ती चार साल की अवधि के लिए संविदा आधार पर की जाएगी।
सरकार के फैसले को लेकर बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली और तेलंगाना समेत कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। प्रदर्शनकारी ट्रेनों को निशाना बना रहे हैं। बिहार में तीन ट्र्रेन की 26 बोगियों को फूंक दिया गया। इसके साथ ही रेलवे स्टेशनों पर जमकर तोड़फोड़ की गई।


Download Android App
Download iOS App



