Telangana Road Accident: तेलंगाना के महबूबनगर जिले में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। पालकोंडा बाईपास रोड पर तेज रफ्तार बाइक और कार की जोरदार टक्कर में पांच लोगों की जान चली गई। मृतकों में एक ही परिवार के तीन सदस्य भी शामिल हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर लंबा जाम लग गया। जानकारी के मुताबिक, रात करीब 12:30 बजे एक हुंडई वरना कार पालकोंडा बाईपास रोड पर धीरे-धीरे यू-टर्न ले रही थी। उसी दौरान कुछ युवक सड़क पर तेज रफ्तार में बाइक चला रहे थे।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, स्थानीय लोगों का कहना है कि वहां देर रात बाइक रेसिंग चल रही थी। इसी बीच एक स्पोर्ट्स बाइक तेज गति से आकर कार से टकरा गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार और बाइक दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक कई लोगों की मौत हो चुकी थी।
Telangana Road Accident: एक ही परिवार के तीन लोगों की गई जान

इस दर्दनाक हादसे में हैदराबाद के एक परिवार के तीन सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान 30 वर्षीय अर्शा बेगम, 7 वर्षीय उजेपा और 2 वर्षीय उमर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परिवार किसी काम से यात्रा कर रहा था। वहीं स्पोर्ट्स बाइक पर सवार दो युवकों की भी इस हादसे में जान चली गई। इनमें से एक युवक की पहचान 25 वर्षीय याकूब अफजल के रूप में हुई है, जो हैदराबाद का रहने वाला था। दूसरे युवक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है और पुलिस उसकी जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
Palkonda Bypass Crash: हादसे के बाद सड़क पर लगा लंबा जाम

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। हादसे के कारण बाईपास रोड पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। पुलिस को यातायात सामान्य कराने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। कई लोग हादसे की तस्वीरें और वीडियो भी बनाते नजर आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि पालकोंडा बाईपास रोड पर देर रात बाइक रेसिंग होना आम बात बन चुकी है।
लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार पुलिस को इसकी शिकायत दी गई, लेकिन कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई।लोगों का कहना है कि अगर समय रहते पुलिस ने तेज रफ्तार बाइक चलाने वालों पर कार्रवाई की होती, तो शायद इतना बड़ा हादसा नहीं होता। अब पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अवैध बाइक रेसिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की बात कही है।


Download Android App
Download iOS App




