महाराष्ट्र के ठाणे जिले में व्हाट्सएप पर किये गये एक पोस्ट को लेकर एक बीजेपी कार्यकर्ता की कथित रूप से पिटाई करने के आरोप में तीन स्थानीय मनसे कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। राबोडी थाने के वरिष्ठ निरीक्षक आर एम सोमवंशी ने कहा कि बीजेपी कार्यकर्ता प्रदीप राणे द्वारा दर्ज करायी गई शिकायत के अनुसार, रविवार को उन्होंने मनसे से संबंधित एक पोस्ट देखा, जिसके साथ मनसे प्रमुख राज ठाकरे की तस्वीर भी लगी थी।
राणे ने उस पोस्ट को कुछ अन्य लोगों के साथ साझा किया। बाद में, मनसे के इन तीनों कार्यकर्ताओं ने भी पोस्ट देखा और अपमानित महसूस कर राणे की पिटाई कर दी।
अधिकारी ने कहा कि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उसने माफी मांग ली थी और अपने मोबाइल फोन से उस पोस्ट को भी हटा दिया था, लेकिन इसके बावजूद मनसे कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर उनकी पिटाई की और घटना की वीडियो-रिकॉर्डिंग की, जिसे उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया और उसे एक स्थानीय चैनल पर भी प्रसारित किया गया।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं में मनस कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। उन्होंने बताया कि मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। घटना की जांच की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



