हबीबगंज रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म पर घंटों तक लाश नहीं उठायी गयी, जांच के आदेश

Summary :

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के हबीबगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर एक व्यक्ति की लाश कथित रूप से घंटों तक नहीं उठाये जाने पर इसका वीडियो

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के हबीबगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर एक व्यक्ति की लाश कथित रूप से घंटों तक नहीं उठाये जाने पर इसका वीडियो आज सोशल मीडिया में वायरल हो गया।

पुलिस ने इसके जांच के आदेश दिये हैं। इस रेलवे स्टेशन को विश्व स्तर का बनाया जाना है और इसके लिए काम चल रहा है। भोपाल रेलवे के पुलिस अधीक्षक मनोज राय से इसके बारे में पूछे जाने पर उन्होंने आज बताया, ‘‘जैसे ही मुझे इस वीडियो के बारे में जानकारी हुई, मैं तुरंत हबीबगंज रेलवे स्टेशन गया, ताकि सच्चाई का पता लग सके।’’

उन्होंने कहा कि यह सही नहीं है कि व्यक्ति का शव आठ से दस घंटे तक प्लेटफार्म पर रहा। घटना के बारे में स्पष्टीकरण देते हुए राय ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के अनुसार यह व्यक्ति आज सुबह पांच से साढ़े पांच बजे तक जीवित था और दुर्भाग्य से उसके बाद उसकी मृत्यु हो गई।

फेसबुक ने रूस-ईरान से जुड़े 652 अकाउंट हटाए, ट्विटर ने 284 अकाउंट बंद किए

उन्होंने बताया कि एक यात्री ने इस व्यक्ति का वीडियो बनाया और रेलवे कर्मियों को इसकी निगरानी करने के लिए कहा। लेकिन उन्होंने कथित रूप से कहा कि यह रेलवे पुलिस (जीआरपी) का मामला है और वही इसको देखेगी।

वीडियो के अनुसार जब वीडियो बनाने वाला यह यात्री जीआरपी पुलिस स्टेशन गया और वहां ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल को बताया कि एक व्यक्ति की लाश प्लेटफार्म पर पड़ी है तो उसने (कांस्टेबल) कहा कि वे (जीआरपी पुलिस) मेमो पाने के बाद ही इस पर कार्रवाई करेंगे।
वीडियो में दिखता है कि इससे यात्री और भी आक्रोशित हो गये।

हालांकि, राय ने कहा, ‘‘मैंने इस मामले को गंभीरता से लिया है और पुलिस उपाधीक्षक स्तर के अधिकारी को तुरंत जांच करने के आदेश दिये हैं।’’

उन्होंने माना कि कान्स्टेबल का जवाब उचित नहीं था। उसे तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए थी। राय ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने पर अगर कोई पुलिसकर्मी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Desk Team