बालोद, 29 मई (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक बड़ी सड़क दुर्घटना होते-होते टल गई। दल्लीराजहरा-डौंडीलोहारा मुख्य मार्ग पर ग्राम शिकारीटोला के पास यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर अचानक पलट गई। यह बस बस्तर ट्रैवल्स की थी, जो नारायणपुर से रायपुर जा रही थी और राजनांदगांव होते हुए दल्लीराजहरा मार्ग से गुजर रही थी।
बस में 40 से अधिक यात्री सवार थे, जिससे घटना के समय अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। पांच यात्रियों को सामान्य चोटें आई हैं, जिन्हें पास के स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार दिया गया।
सभी यात्री सुरक्षित बताए गए हैं, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। अनुमान लगाया जा रहा है कि तेज गति और सड़क की स्थिति के चलते चालक बस से नियंत्रण खो बैठा।
बता दें कि बालोद से सड़क दुर्घटना की खबर अक्सर सामने आती रहती है। मार्च के महीने में बालोद से एक मोटरसाइकिल और ट्रक के टकराने की घटना सामने आई थी, जिसमें एक नाबालिग समेत तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया था कि यह दुर्घटना 16 मार्च की रात को पीड़ितों के पैतृक गांव मनकी के पास अर्जुन्दा थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई, जब वे सैर के बाद घर लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल खराब होने के बाद सड़क पर खड़े ट्रक से टकरा गई। अधिकारी ने बताया कि तीनों व्यक्तियों की पहचान पीयूष साहू (17), अनिल साहू (18) और विकास ठाकुर (22) के रूप में हुई, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
–आईएएनएस
पीके/केआर


Download Android App
Download iOS App



