बंगाल विधानसभा चुनावों में करारी हार का सामना कर रही कांग्रेस पार्टी अब संसद में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को घेरने के लिए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से करीबी बढ़ाने पर विचार कर रही है। अटकलें लगाई जा रही है कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी जल्द ही लोकसभा में पार्टी के नेता अधीर रंजन चौधरी को पद से हटा सकती हैं। इस कदम को संसद के मानसून सत्र से पहले कांग्रेस पार्टी में किए जा रहे कई बदलावों का हिस्सा माना जा रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अधीर रंजन चौधरी को पद से इसलिए भी हटाया जा सकता है ताकि तृणमूल कांग्रेस से दूरी घटाई जा सके और संसद में बीजेपी के खिलाफ मजबूती से अभियान चलाया जा सके। बता दें कि कांग्रेस ने बंगाल विधानसभा चुनाव में तृणमूल के खिलाफ लेफ्ट के साथ गठबंधन कर चुनाव लड़ा था। हालांकि, कांग्रेस अपने प्रचार में ममता बनर्जी पर हमला करने से बचती रही थी। कांग्रेस पार्टी ने ममता की जीत का स्वागत भी किया था। लेकिन अधीर रंजन चौधरी ममता बनर्जी और उनकी सरकार के आलोचक रहे हैं।
कयास लगाए जा रहे हैं कि कांग्रेस संसद में तृणमूल के साथ गठजोड़ में किसी तरह की अड़चन नहीं चाहती और इसलिए पार्टी अधीर रंजन चौधरी को सदन के नेता के पद से हटा सकती है। वहीं, दूसरी तरफ तृणमूल कांग्रेस ने बंगाल के गवर्नर जगदीप धनखड़ के बिच कि तकरार दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है, टीएमसी ने धनखड़ के खिलाफ संसद में भी मोर्चा खोलने की तैयारी कर ली है। राज्यपाल को पद से हटाने की मांग को लेकर टीएमसी राष्ट्रपति के पास जा सकती है, इसके लिए वह कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी पार्टियों का साथ मांग सकती है।


Download Android App
Download iOS App



