कोरोना वायरस संक्रमण के प्रसार की रोकथाम के लिये मध्य प्रदेश के 12 शहरों में आगामी आदेश तक प्रत्येक रविवार को लॉकडाउन रहेगा। मध्य प्रदेश के अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा ने बताया, ‘‘कोरोना वायरस संक्रमण के प्रसार की रोकथाम के लिये आगामी आदेश तक प्रत्येक रविवार 11 जिलों के 12 शहरों में लॉकडाउन रहेगा।’’
उन्होंने कहा कि इन शहरों में लॉकडाउन शनिवार रात्रि 10 बजे से सोमवार सुबह छह बजे तक प्रभावी रहेगा। राजौरा ने बताया कि जिन शहरों में लॉकडाउन रहेगा, उनमें इंदौर, भोपाल, जबलपुर, बैतूल, रतलाम, छिन्दवाड़ा, खरगोन, ग्वालियर, उज्जैन, विदिशा, नरसिंहपुर और छिन्दवाड़ा जिले का सौंसर शामिल हैं।
मध्य प्रदेश में शनिवार को कोरोना संक्रमण के 2,142 नए मामले दर्ज किये गये हैं। इन्हें मिलाकर प्रदेश में अब तक 2,86,407 लोगों को यह महामारी अपनी चपेट में ले चुकी है, जिनमें से अब तक 3,947 लोगों की मौत हो चुकी है।


Download Android App
Download iOS App



