मध्यप्रदेश कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है, राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कोरोना वायरस महामारी के मद्देनजर सोमवार को कहा कि इन्दौर में हालात जल्द ही काबू में आ जायेंगे। मध्यपद्रेश में सोमवार तक कोरोना वायरस के कुल 47 मरीज पाए गए हैं जिनमें से केवल इन्दैर में ही 27 मरीज पाए गए हैं।
चौहान ने कहा कि सरकार ने इन्दौर में स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त उपाय किए हैं। उन्होंने आगे कहा, ‘‘इन्दौर में हम जल्द ही स्थिति को नियंत्रण में कर लेंगे।’’ चौहान ने इन्दौर के लोगों से अपील की कि वह स्वयं , अपने दोस्तों, परिजनों और बच्चों के लिए लॉकडाउन का सख्ती से पालन करें और प्रशासन को सहयोग करें। उन्होंने कहा ‘‘ इन्दौर के लोगों का जागरुकता स्तर बहुत अधिक है। यह शहर लगातार तीन बार से देश में सबसे स्वच्छ शहर का दर्जा लेता रहा है।’’

मुख्यमंत्री ने कोरोना वायरस महामारी से निपटने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के, घर की लक्ष्मण रेखा पार नहीं करने के सुझाव पर अमल करने की लोगों से अपील की। मध्यप्रदेश में कोरोना वायरस के संक्रमण के सबसे अधिक 27 मरीज इन्दौर में पाए गए हैं। आठ मरीज जबलपुर में, पांच उज्जैन में, तीन भोपाल, जबकि दो-दो मरीज शिवपुरी और ग्वालियर में मिले हैं।


Download Android App
Download iOS App



