राजस्थान में एक और कोरोना पॉजिटिव मामलों की पुष्टि, संक्रमितों की संख्या 60 हुई

Summary :

ईरान से जोधपुर लाये गये 41 वर्षीय एक व्यक्ति के सोमवार को कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई जिसके बाद राजस्थान में कोविड-19 से संक्रमित मरीजों की संख्या 60 पहुंच गई है।

ईरान से जोधपुर लाये गये 41 वर्षीय एक व्यक्ति के सोमवार को कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई जिसके बाद राजस्थान में कोविड-19 से संक्रमित मरीजों की संख्या 60 पहुंच गई है। एक अधिकारी ने बताया कि जम्मू कश्मीर के लद्दाख का निवासी यह व्यक्ति 25 मार्च को जोधपुर हवाई अड्डे पहुंचा था। 
अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) रोहित कुमार सिंह ने बताया कि पृथक सुविधा में रह रहे व्यक्ति की सोमवार को हुई जांच में उसके संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। उन्होंने बताया कि इससे राज्य में अब संक्रमित मरीजों की संख्या 60 तक पहुंच गई है। 22 मार्च से राज्य में लॉकडाउन जारी है और राज्य में संक्रमित लोगों के लिये सर्वे और जांच का काम व्यापक स्तर पर चल रहा है। 
कोरोना वायरस प्रभावित ईरान से लाए गए 277 लोगों का समूह बुधवार को तड़के जोधपुर हवाईअड्डा पहुंचा था। ईरान से लाए गए 277 लोगों में से 273 तीर्थयात्रियों को जोधपुर हवाई अड्डे पर प्रारंभिक जांच के बाद जोधपुर मिलिट्री स्टेशन पर सेना द्वारा स्थापित वेलनेस फैसिलिटी सेंटर में ले जाया गया था।

Desk Team