कोविड-19 की स्थिति और कोरोना वायरस के ओमीक्रोन स्वरूप के बढ़ते मामलों को ध्यान में रखते हुए कर्नाटक सरकार ने मंगलवार को कहा कि 30 दिसंबर से दो जनवरी तक राज्य में किसी भी पार्टी या समागम की अनुमति नहीं होगी। मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘कोविड-19 और ओमीक्रोन से जुड़े मामलों को ध्यान में रखकर नये साल के जश्न के सिलसिले में हमने वीडियो काफ्रेंस के माध्यम से विशेषज्ञों के साथ एक बैठक की थी। ’’
खुली जगहों पर समागम पर रोक
उन्होंने कहा कि उनकी सिफारिश पर सरकार ने शहर में एवं राज्य के अन्य सार्वजनिक स्थानों पर समागमों (बड़े कार्यक्रमों) पर पाबंदी लगाने का फैसला किया है। उन्होंने कहा, ‘‘ हम खुली जगहों पर समागम पर रोक लगा रहे हैं । यह 30 दिसंबर से दो जनवरी तक पूरे राज्य में प्रभाव में रहेगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘क्लबों और रेस्तराओं को बस 50 फीसद क्षमता तक के साथ चलने की अनुमति हेागी लेकिन पार्टी या डिस्क जॉकी के आयोजन पर रोक है। ’’
सरकार के मुताबिक इसी प्रकार अपार्टमेंट में भी पार्टी या डीजे का कार्यक्रम नहीं होगा तथा रेसीडेंट एसोसिएशन यह सुनिश्चित करेंगे कि नियमों का उल्लंघन न हो। राज्य में अबतक कोरोना वायरस के ओमीक्रोन स्वरूप के 19 मामले सामने आये हैं।


Download Android App
Download iOS App



