हरिद्वार : हरिद्वार धर्मनगरी में यात्रा सीजन इन दिनों पूरे जोर-शोर से चल रहा है, जिसके चलते यहां यात्रियों का बहुत बड़ी संख्या में आना यह साबित करता है कि लोगों में यहां के प्रति कितनी आस्था कूट-कूटकर भरी हुई है, हालांकि पर्यटन की दृष्टि से भी हरिद्वार देश के अन्य जनपदों की तुलनात्मक अलग पहचान रखता है वहीं, हैरानी की बात यह है कि इतने बड़े स्तर पर पीक सीजन में यहां आने वाले यात्रियों के सुख-सुविधा सहित सुरक्षा मुहैया कराने में आज तक जिला प्रशासन सहित यहां की सरकार एवं जनप्रतिनिधि फिसड्डी ही साबित हुए हैं।
तभी तो आज तक यहां हाईवे पर लगने वाले भयंकर जाम से निजात नहीं मिल पायी है, जिसके चलते यहां का सिस्टम पूरी तरह से अपाहिज नजर आता है। यात्रा सीजन ऊपर से शनिवार और रविवार हरिद्वार जनपद में कल शनिवार सुबह से ही जाम लगना शुरू हो गया। जाम भी इस तरह की चंडीघाट चौक से लेकर वीआईपी घाट के समीप पुल को ही पार करने में दो घंटे का समय लग गया। सुबह से लेकर देर शाम तक राजमार्ग पर भयंकर जाम लगा रहा। वहीं यात्रियों के साथ आए बच्चे भी जाम में फंस गये।
बच्चों को प्रचंड गर्मी में जाम के कारण बिलबिलाता देख माता-पिता घबरा गए, लेकिन यहां का सिस्टम तो है कि सब कुछ देखकर और जानकार अंधा बना हुआ है। लाचारी ऐसी की सालो साल निकल गए लेकिन हाईवे पर लगने वाले इस लाइलाज जाम का कोई समाधान नहीं हो पाया, जिससे इनकी कार्यशैली सवालों के ऐसे घेरे में आ खड़ी हुई है जहां इनकी खूब किरकिरी हो रही है।
चंडी चौक से लेकर वीआईपी घाट पर भी जाम : रुड़की, हरिद्वार हाईवे रोड पर रविवार को सुबह करीब पांच बजे से लेकर देर शाम तक ऐसा जाम लगा कि लोग बिलबिला उठे। हर कोई जाम से तंग नजर आया। हर कोई यह सोच रहा था कि इस जाम से कैसे निकलें।
वहीं, रूड़की के आसफनगर झाल से लेकर रुड़की गणेशपुर पुल तक बीच-बीच में जाम लगता रहा। जाम के कारण लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। रेलवे के ओवरब्रिज के समीप तो एक गाड़ी के फंस जाने की वजह से जाम लगा रहा। जाम को खुलवाने में लोगों को काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा।


Download Android App
Download iOS App



