मध्यप्रदेश के झाबुआ में निकट भविष्य में होने वाले विधानसभा उपचुनाव के मद्देनजर विभिन्न दलों की सक्रियता बढ़ने के साथ ही आज यहां आदिवासियों से जुड़ संगठन जय आदिवासी युवा संगठन (जयस) ने अपना शक्ति प्रदर्शन किया। जयस की ओर से यहां पॉलीटेक्निक कॉलेज मैदान पर आयोजित आदिवासी महापंचायत में झाबुआ, धार, आलिराजपुर, और रतलाम आदि जिलों के आदिवासियों ने हिस्सा लिया।
आदिवासी बहुल झाबुआ में आयोजित महापंचायत को जयस के संरक्षक एवं पड़सी धार जिले के मनावर से कांग्रेस विधायक हीरालाल अलावा ने मुख्य रूप से संबोधित किया। श्री अलावा ने कहा कि हम सभी धर्मों और वर्गों का सम्मान करते हैं। लेकिन हमारा मुख्य उद्देश्य आदिवासियों के हितों का संरक्षण करना है।
इस अवसर पर उन्होंने इस क्षेत्र के दिवंगत नेता दिलीप सिंह भूरिया का स्मरण करते हुए उनके कार्यों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि श्री भूरिया ने आदिवासियों के हित में अनेक कदम उठाए हैं। उन्होंने राज्य की कांग्रेस सरकार को परोक्ष रूप से चेतावनी देते हुए कहा कि उसके कार्य आदिवासियों के हित में नजर नहीं आ रहे हैं।
कांग्रेस के टिकट पर विधायक चुने गए श्री अलावा ने कहा कि हम उस दल का समर्थन करते हैं, जो आदिवासियों के हितों की बात करता है। पूर्ववर्ती भाजपा सरकार ने आदिवासियों के हितों का अनदेखा किया तो उसे नकार दिया गया। अब मौजूदा कांग्रेस सरकार भी आदिवासियों के हितों की रक्षा नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के पास अब भी वक्त है।
झाबुआ विधानसभा उपचुनाव के परिप्रेक्ष्य में उन्होंने सभा में मौजूद लोगों से आह्वान किया कि वे आने वाले समय में इस क्षेत्र से युवा नेतृत्व को चुनें। इस अवसर पर जयस के अन्य नेताओं ने भी संबोधन दिया। नवंबर दिसंबर 2018 में संपन्न विधानसभा चुनाव में झाबुआ (अजजा) सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी के रूप में श्री गुमान सिंह डामोर ने कांग्रेस प्रत्याशी डॉ विक्रांत भूरिया को पराजित किया था। डॉ भूरिया, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया के पुत्र हैं।
इसके पांच माह बाद संपन्न लोकसभा चुनाव में भाजपा ने श्री डामोर को रतलाम़ झाबुआ संसदीय सीट से प्रत्याशी घोषित किया और उन्होंने इस बार पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया को पराजित कर दिया। बाद में श्री डामोर ने झाबुआ विधायक पद से त्यागपत्र दे दिया। इस वजह से शीघ, ही झाबुआ में विधानसभा उपचुनाव होंगे, हालाकि अभी इसका औपचारिक कार्यक्रम घोषित नहीं हुआ है।


Download Android App
Download iOS App



