पश्चिम बंगाल के उत्तर 24-परगना जिले में बाइक सवार बंदूकधारियों ने प्रदेश में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के एक कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को इसकी जानकारी दी।
मृतक के परिजन ने इस हत्या के लिए मादक पदार्थ तस्कर पर आरोप लगाया है, क्योंकि टीएमसी कार्यकर्ता उसकी गतिविधि का विरोध करता था।
अधिकारी ने बताया कि मरने वाले की पहचान जाकिर हुसैन (35) के रूप में की गयी है। उन्होंने बताया कि जाकिर शिवदासपुर में एक चाय की दुकान पर बैठा था, जब दो मोटरसाइकिल पर सवार होकर चार-पांच लोग आये और उस पर गोलियां चला दी तथा उस पर बम भी फेंके।
उन्होंने बताया कि शनिवार को हुई इस घटना में जाकिर और उसका एक दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। उन्होंने बताया कि जाकिर को अस्पताल ले जाया गया जहां उसने रविवार को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
घायल युसूफ का उसी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
जाकिर के परिजनों ने दावा किया कि उसने (जाकिर ने) एक स्थानीय नशा तस्कर की गतिविधियों का विरोध किया था। परिजनों के अनुसार, तस्कर ने अतीत में उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी।
नाराज ग्रामीणों ने आरोपी के घर में तोड़-फोड़ की।


Download Android App
Download iOS App



