तृणमूल कांग्रेस ने पिछले महीने कश्मीर में राज्य के पांच मजदूरों की हत्या के विरोध में सोमवार को यहां कैंडल मार्च निकाला। तृणमूल कांग्रेस ने 29 अक्टूबर को हुई घटना की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर बिड़ला तारामंडल से लेकर मेयो रोड स्थित गांधी प्रतिमा तक मार्च निकाला, जिसमें शशि पांजा और सांतनु सेन जैसे पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया।
सेन ने कहा, ‘‘हम इसकी निष्पक्ष जांच चाहते हैं।
पार्टी पांच मृतकों के परिजनों के साथ खड़ी रहेगी और उन्हें हर संभव सहायता प्रदान करेगी।’’ तृणमूल कार्यकर्ताओं ने पोस्टर लेकर विरोध प्रदर्शन करते हुये घटना की निष्पक्ष जांच कराये जाने की मांग की और कश्मीर को लेकर गलत नीतियों के लिए केंद्र सरकार की आलोचना की। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी ने मजदूरों की हत्या की कड़ी निंदा की थी और घटना की सच्चाई का पता लगाने के लिए ठोस जांच की मांग की थी।
प्रदेश सरकार ने मृतकों के परिजन को पांच-पांच लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की है। पिछले मंगलवार को कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकवादियों ने पांच मजदूरों की गोली मारकर हत्या कर दी थी। एक अन्य मजदूर हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया था। ये मजदूर मुर्शिदाबाद जिले के बहलनगर गांव के रहनेवाले थे, जो सेब के बागानों में काम करने के लिए घाटी गए हुये थे।


Download Android App
Download iOS App



