Tripura Assembly Elections: चुनाव में नामांकन दाखिल करने के दौरान त्रिपुरा के CM के साथ जाएंगे हिमंत

Summary :

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान असम के उनके समकक्ष हिमंत विश्व शर्मा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष राजीब भट्टाचार्य भी मौजूद रहेंगे।

त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान असम के उनके समकक्ष हिमंत विश्व शर्मा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष राजीब भट्टाचार्य भी मौजूद रहेंगे।16 फरवरी को होने वाले त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तारीख है।
विधानसभा क्षेत्र के लिए नामांकन दाखिल 
पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि साहा फिर से टाउन बारडोवली निर्वाचन क्षेत्र के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे, वहीं भाजपा के प्रदेश पार्टी अध्यक्ष राजीब भट्टाचार्य बनमालीपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए अपना नामांकन दाखिल करेंगे।उन्होंने कहा, ‘‘असम के मुख्यमंत्री और पूर्वोत्तर जनतांत्रिक गठबंधन (एनईडीए) के अध्यक्ष हिमंत विश्व शर्मा, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी के अन्य प्रत्याशियों द्वारा नामांकन पत्र दाखिल करने के दौरान उपस्थित रहने के लिए रविवार रात ही राज्य में आ चुके हैं।’’
उम्मीदवार भी नामांकन पत्र जमा करेंगे
उन्होंने कहा कि 55 विधानसभा क्षेत्रों के लिए भाजपा के सभी उम्मीदवार सोमवार को नामांकन पत्र जमा करेंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब नामांकन दाखिल करने के दौरान उत्तर त्रिपुरा जिले के धर्मनगर उप-मंडल में पार्टी उम्मीदवारों के साथ रहेंगे।भाजपा 60 सदस्यीय त्रिपुरा विधानसभा में 55 सीटों पर चुनाव लड़ रही है और उसने सहयोगी आईपीएफटी को पांच सीटें दी हैं।तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के 22 विधानसभा क्षेत्रों के उम्मीदवार भी सोमवार को अपना नामांकन पत्र जमा करेंगे।
तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवारों का समर्थन करेंगे
टीएमसी के राज्य प्रभारी राजीब बनर्जी ने रविवार को प्रदेश अध्यक्ष पीयूष कांति विश्वास और सांसद सुष्मिता देव की उपस्थिति में 22 विधानसभा क्षेत्रों के लिए पार्टी उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की।बनर्जी ने कहा, ‘‘पार्टी के उम्मीदवार कल अपना नामांकन दाखिल करेंगे। हम आगामी चुनावों के लिए घोषणापत्र तैयार कर रहे हैं, जिसे जल्द ही जारी किया जाएगा। हमें उम्मीद है कि लोग चुनावों में तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवारों का समर्थन करेंगे।’’

Desk Team