मध्य प्रदेश : पान-गुटखे की पीक से परेशान हुआ इंदौर, प्रशासन ने शुरू किया ‘नो थू-थू’ अभियान

Summary :

राष्ट्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण में लगातार 6 सालों से अव्वल रहे इंदौर के प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए शहर में‘नो थू-थू’ अभियान शुरू किया, जिसके तहत लोगों को यहां-वहां पीक थूकने की बुरी प्रवृत्ति से रोका जाएगा।

देश का सबसे स्वच्छ शहर इन दिनों सार्वजनिक स्थानों पर पान-गुटखे की पीक थूके जाने वालों से परेशान है। केंद्र सरकार के राष्ट्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण में लगातार 6 सालों से अव्वल रहे इंदौर के प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए शहर में सोमवार से ‘नो थू-थू’ अभियान शुरू किया, जिसके तहत लोगों को यहां-वहां पीक थूकने की बुरी प्रवृत्ति से रोका जाएगा।
गौरतलब है कि यह अभियान इंदौर में प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन और वैश्विक निवेशक सम्मेलन के जनवरी 2023 में आयोजित कार्यक्रमों से ऐन पहले शुरू किया गया है। इनमें बड़ी तादाद में विदेशी मेहमान भी आने वाले हैं जिसके मद्देनजर शहर को खूब सजाया-संवारा जा रहा है।

उत्तराखंड : हरिद्वार के कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता BJP में हुए शामिल, CM धामी ने किया स्वागत

महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने शहर में ‘नो थू-थू’ अभियान की औपचारिक शुरुआत की। इस दौरान वह महू नाका चौराहे पर सड़क के डिवाइडर से पान की पीक साफ करते भी नजर आए। महापौर ने कहा, ‘‘इंदौर स्वच्छता में देश भर में सिरमौर है, लेकिन सड़कों और इनके डिवाइडर के साथ ही चौराहों और अन्य सार्वजनिक जगहों पर पान-गुटखे की पीक थूकने की लोगों की आदत अब भी बनी हुई है। यह पीक कुछ इस कदर थूकी जाती है कि इससे सार्वजनिक स्थानों पर लाल धब्बे बन जाते हैं।’’
भार्गव ने बताया कि शहर से ऐसे बदनुमा लाल धब्बे हटाने के लिए ‘नो थू-थू’ अभियान शुरू किया गया है जिसके तहत पहले चरण में लोगों को समझाया जाएगा और यदि इसके बाद भी वे सार्वजनिक स्थानों पर पान-गुटखे की पीक थूकते नजर आए, तो दूसरे चरण में उन पर जुर्माना लगाया जाएगा।

Desk Team