कोरोना महामारी की दूसरी लहर से मचे हाहाकार के बाद केंद्र सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर अब कोई कमी नहीं छोड़ना चाहती। सरकार हर राज्य तक कोरोना से जुड़े तमाम प्रयासों को पहुंचाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता जता रही है। इसी चरण में पशिम बंगाल में दो कोविड के अस्थाई अस्पतालों की स्थापना की जाएगी।
राज्य के मुर्शिदाबाद और कल्याणी में स्थापित होने वाले इन अस्पतालों में 250 बेड की क्षमता होगी। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने अपने एक बयान में ये जानकारी दी। पीएम केयर्स ने रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) द्वारा स्थापित होने वाले इन अस्पतालों के लिए 1.62 करोड़ रुपये आवंटित करने का निर्णय लिया है।
इसके लिए राज्य और केंद्र सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से भी कुछ ढांचागत सहायता प्रदान की जाएगी। पीएमओ ने कहा कि यह प्रस्ताव पश्चिम बंगाल में कोविड-19 की स्थिति को प्रभावी ढंग से प्रबंधित करने के लिए स्वास्थ्य के बुनियादी ढांचे में वृद्धि करेगा। पीएमओ ने कहा कि पीएम केयर्स के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी बुनियादी ढांचे को बढ़ाने के प्रयास के तहत बिहार, दिल्ली, जम्मू और श्रीनगर में भी कोविड-19 अस्पताल स्थापित करने में सहायता की गई है।
गौरतलब है कि कोविड-19 महामारी जैसी किसी भी तरह की आपातकालीन या संकट की स्थिति से निपटने के प्राथमिक उद्देश्य के साथ एक समर्पित राष्ट्रीय निधि की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए और उससे प्रभावित लोगों को राहत प्रदान करने के लिए ‘आपात स्थितियों में प्रधानमंत्री नागरिक सहायता और राहत कोष (पीएम केयर्स फंड)’ के नाम से एक सार्वजनिक धर्मार्थ ट्रस्ट बनाया गया है।


Download Android App
Download iOS App



