कोरोना से पीड़ित मां के लिए ऑक्सीजन की मांग करने पर भड़के केंद्रीय मंत्री, कहा- ‘दो थप्पड़ खा जाओगे’

Summary :

केंद्रीय संस्कृति मंत्री प्रहलाद पटेल का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह बीमार मां के लिए ऑक्सीजन सिलेंडर की मांग करने वाले एक शख्स को ‘दो थप्पड़’ लगाने की बात कहते दिख रहे हैं।

कोरोना के लगातार बढ़ते प्रकोप के बीच ऑक्सीजन की किल्लत को लेकर देशभर में कोहराम मचा हुआ है। इस बीच केंद्रीय संस्कृति मंत्री प्रहलाद पटेल का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें वह बीमार मां के लिए ऑक्सीजन सिलेंडर की मांग करने वाले एक शख्स को ‘दो थप्पड़’ लगाने की बात कहते दिख रहे हैं। एक तरफ जहां विपक्ष ने इस घटना को लेकर केंद्रीय मंत्री पर निशाना साधा है। वहीं, केंद्रीय मंत्री ने नया वीडियो डालकर ट्वीट करते हुए लिखा है, जिला चिकित्सालय में चर्चा का अंत ऐसे हुआ, जिस पर विवाद खड़ा किया गया। 

बता दें कि जिला अस्पताल से 2 दिन पहले ऑक्सीजन सिलेंडर लूटे जाने की घटना के बाद दमोह से सांसद पटेल अस्पताल का दौरा करने पहुंचे थे। इस दौरान, एक व्यक्ति ने अपनी कोरोना से संक्रमित मां के लिए प्रहलाद पटेल से ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध कराने की मांग की। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि जब बातचीत के दौरान व्यक्ति ने पटेल की तरफ उंगली उठाई तो गुस्साए मंत्री ने उससे उंगली नीचे करने का इशारा किया और कहा, ‘ऐसे बोलेगा तो दो खाएगा।’
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कांग्रेस ने मंत्री पटेल के रवैए की निंदा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उन्हें मंत्री पद से बर्खास्त किए जाने की मांग की। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री कांग्रेस नेता जीतू पटवारी ने यह वीडियो शेयर करते हुए लिखा, अब मोदी के मंत्री भी चाटे मारने लगे हे भगवान और क्या दिन देखने बाक़ी है।

बता दें कि मध्य प्रदेश में गुरुवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 12,384 नए मामले सामने आए और इसके साथ ही प्रदेश में इस वायरस से अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या 4,59,195 तक पहुंच गयी। राज्य में पिछले 24 घंटों में इस बीमारी से प्रदेश में 75 और व्यक्तियों की मौत हुई है। प्रदेश में अब तक इस बीमारी से जान गंवाने वालों की संख्या 4,863 हो गयी है।  

Desk Team