केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने रविवार को यह आरोप लगाते हुए आंधप्रदेश के वाई एस जगनमोहन रेड्डी सरकार पर प्रहार किया कि राज्य में माफिया शासन है।उन्होंने मुख्यमंत्री से अव्यवस्था दूर करने की मांग की और कहा कि यदि उन्होंने ऐसा नहीं किया तो लोग उनके विरूद्ध खड़े हो सकते हैं।
आंध्रप्रदेश में राज्य प्रायोजित धर्मांतरण भी बढ़ गया है – ठाकुर
केंद्रीय मंत्री ने विजयवाड़ा में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की एक रैली में कहा कि आंध्रप्रदेश में शराब से जुड़ा एक घोटाला नजर आया जो दिल्ली के शराब घोटाले से भी बड़ा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के शराब घोटाले के सरगना वहां के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हैं तथा इसमें उनके सहयोगी उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया रहे।
ठाकुर ने कहा कि केंद्र ने हर घर को नल-जल पहुंचाने के लिए आंध्रप्रदेश के लिए 4500 करोड़ रूपये मंजूर किये थे लेकिन जगनमोहन की राज्य सरकार ने 450 करोड़ रूपये भी खर्च नहीं किये । उन्होंने मुख्यमंत्री से माफिया पर कार्रवाई करने की मांग की।ठाकुर ने यह दावा भी किया कि आंध्रदेश में मंदिरों पर हमले के अलावा राज्य प्रायोजित धर्मांतरण भी बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि राज्य में 216 मंदिरों पर हमला किया गया लेकिन राज्य सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की।


Download Android App
Download iOS App



