केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधरन शुक्रवार को सौम्या संतोष के घर गए और केंद्र की ओर से उनके नौ साल के बेटे को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया। फिलिस्तीन द्वारा इजराइल में किए गए राकेट हमले में सौम्या की मौत हो गई थी। मुरलीधरन ने कहा कि वह सौम्या के परिवार से मिले और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से संवेदना व्यक्त की साथ ही मदद का आश्वासन दिया। मुरलीधरन ने कहा कि प्रधानमंत्री ने उन्हें इस मुलाकात का निर्देश दिया था।
उन्होंने ट्वीट कर कहा कि सौम्या संतोष के परिवार से मिला, जिनका इजराइल में गाजा से किए गए रॉकेट हमले में निधन हो गया था। अपने प्रियजन को खो देने वाले परिवार को सांत्वना देने के लिये शब्द कम पड़ गए। उन्होंने कहा, ”कोई भी बच्चे की देखभाल उसकी मां की तरह नहीं कर सकता, हालांकि सौम्या के बेटे की शिक्षा समेत अन्य जरूरतों को लेकर मदद का भरोसा दिया। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की ओर से संवेदना व्यक्त की और सहायता से अवगत कराया, जिन्होंने मुझे परिवार से मिलने का निर्देश दिया था।”
केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री ने प्रदेश में सत्तारूढ़ माकपा की अगुवाई वाली एलडीएफ सरकार की आलोचना की, प्रदेश में सत्तारूढ़ गठबंधन ने परिवार को सांत्वना देने के लिए किसी अधिकारी तक को नहीं भेजा है। उन्होंने राज्य सरकार से सौम्या के परिवार की मदद करने का आग्रह किया है ।


Download Android App
Download iOS App



