दमोह जिले के देहात थाना अंतर्गत नरसिंहगढ़ चौकी के समीप छतरपुर से आ रही एक बस ने केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग एवं जलशक्ति राज्यमंत्री प्रहलाद सिंह पटेल के पुलिस फालो वाहन को टक्कर मार दी, जिससे फालो वाहन के तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अमित मिश्रा का बयान
देहात थाना प्रभारी अमित मिश्रा ने बताया कि मंगलवार को केंद्रीय मंत्री प्रहलाद पटेल मंगलवार को वर्धा गांव में आयोजित पार्टी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद केंद्रीय मंत्री देर शाम वर्धा गांव से दमोह के लिए लौट रहे थे। उनका काफिला नरसिंहगढ़ से दमोह की ओर आ रहा था।
छतरपुर से जबलपुर जा रही थी बस
उसी दौरान नरसिंहगढ़ चौकी के पिपरिया के समीप उनके पुलिस फालो वाहन को छतरपुर से जबलपुर जा रही एक बस के चालक ने टक्कर मार दी, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन में सवार उपनिरीक्षक एमपी सिंह, प्रधान आरक्षक देवी सिह व यासीन खान घायल हो गए।
जिला अस्पताल में भर्ती
तीनों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद तत्काल ही केंद्रीय मंत्री पटेल ने भी जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों की जानकारी ली और उनके समुचित इलाज के लिए निर्देशित किया। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है।


Download Android App
Download iOS App



