मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इन दिनों उत्तराखंड में जनसभाओं को संबोधित करने में व्यस्त हैं। वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल हैं। इसी बीच सीएम शिवराज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर बहुत वायरल हो गया है। इस वीडियो में शिवराज सिंह चौहान किसी को उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में बीजेपी की संभावनाओं के बारे में बताते नजर आ रहे हैं। वहीं, कांग्रेस के समर्थक इस वीडियो को दोनों राज्यों में बीजेपी की कमजोर स्थिति को स्वीकार करने वाला बताते हुए सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं।
जानें वायरल वीडियो में क्या बोले शिवराज?
वायरल वीडियो में शिवराज सिंह चौहान कहते नजर आ रहे हैं कि ‘यूपी को लेकर कोई शक नहीं है। उत्तराखंड में भी बीजेपी है, लेकिन वहां थोड़ा-बहुत मुकाबला है।’ शिवराज सिंह चौहान जल्द ही वीडियो रिकॉर्डिंग पर आपत्ति जताते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद कांग्रेस बीजेपी पर निशाना साध रही है और दोनों राज्यों में उसके दावों पर सवाल उठा रही है। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने वीडियो साझा करते हुए कहा कि भाजपा चली गई है।
यूपी और उत्तराखंड में बीजेपी की बेहद कमजोर स्थिति की जानकारी देते मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान।
“बीजेपी तो गई” pic.twitter.com/ucm7vHUyxr
— MP Congress (@INCMP) February 10, 2022
शिवराज के परिवहन मंत्री की फिसली जुबां
इसके साथ ही शिवराज सरकार के परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत की जुबान भी फिसल गई और वे दावा कर गए कि जिन पांच राज्यों में चुनाव हो रहे है वहां कांग्रेस की सरकार बनेगी। बाद में मंत्री ने सफाई दी, मगर कांग्रेस वीडियो को सोशल मीडिया पर साझा कर खूब चुटकी ले रही है। परिवहन मंत्री राजपूत गुरुवार को जबलपुर जिले के पाटन में तहसील भवन के भूमिपूजन कार्यक्रम में पहुंचे, यहां उनसे पत्रकारों ने पांच राज्यों के चुनाव को लेकर सवाल किया तो उनका जवाब था, उत्तरप्रदेश समेत पांच राज्यों के चुनाव में सभी जगह कांग्रेस का बहुमत होगा और कांग्रेस की सरकार बनेगी।
विधानसभा चुनाव वाले राज्यों में कांग्रेस की बनेगी सरकार
राजपूत जब यह बयान दे रहे थे तब उनके करीब पूर्व मंत्री अजय विश्नोई भी बैठे थे, तभी उन्होंने राजपूत को टोका तेा बाद में राजपूत ने सफाई दी। मंत्री का यह बयान सामने आने पर कांग्रेस ने जमकर चुटकी ली है। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा का कहना है कि सच जुबां पर आ ही गया। कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गये मंत्री गोविन्द राजपूत कह रहे है कि 5 राज्यों में पूर्ण बहुमत से कांग्रेस की सरकार बनेगी।
सत्य न विचलित हो कभी, सत्य न सकता हार ।
मिटे पाप का मूल भी, करे सत्य जब वार !! pic.twitter.com/GXeTP6wHLK— Nakul Kamal Nath (@NakulKNath) February 11, 2022
बता दें कि राज्य में कमल नाथ की सरकार गिराने वाले केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के करीबियों में राजपूत की गिनती होती है। साथ ही राजपूत भी उस समय पाला बदलने वाले विधायकों में शामिल थे, जिन्होंने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा था, जिससे कांग्रेस की सरकार गिर गई थी।


Download Android App
Download iOS App



