उत्तराखंड के हल्द्वानी शहर के कर्फ्यू ग्रस्त बनभूलपुरा क्षेत्र में स्थिति धीरे धीरे सामान्य हो रही है और कानून—व्यवस्था बनाए रखने के लिए अर्धसैनिक बलों की अतिरिक्त कंपनियां तैनात कर दी गयी हैं। नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद मीणा ने बताया कि बनभूलपुरा में केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की अतिरिक्त कंपनियां भी संवेदनशील स्थानों पर तैनात की गयी हैं।
Highlights
- बनभूलपुरा में अर्द्धसैनिक बलों की अतिरिक्त कंपनियां तैनात
- जल्द ही और सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी
- प्रशासन ने आवश्यक सेवाओं को सुचारु कर दिया
जल्द ही और सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी
उन्होंने बताया कि बनभूलपुरा में आश्यक वस्तुओं की आपूर्ति की जा रही है और लोगों को जल्द ही और सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र में आठ फरवरी अवैध मदरसा और नमाज स्थल को ध्वस्त किए जाने के दौरान हिंसा भड़काने के आरोप में पुलिस अब तक 30 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग इलाकों में दबिश दी जा रही है। बनभूलपुरा में हुई हिंसा में छह लोगों की जान चली गई और 50 से अधिक लोग घायल हो गए थे। ज्यादातर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गयी।
प्रशासन ने आवश्यक सेवाओं को सुचारु कर दिया
बनभूलपुरा क्षेत्र को छोड़कर शेष हल्द्वानी में कर्फ्यू हटाए जाने के बाद प्रशासन ने आवश्यक सेवाओं को सुचारु कर दिया है । बनभूलपुरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को शुरू करने के साथ ही मेडिकल स्टोर भी खुलवा दिए गए तथा गैस सिलेंडरों की आपूर्ति भी की जा रही है। कुमांउ मंडल विकास निगम के महाप्रबंधक एपी वाजपेई ने बताया कि कर्फ्यू ग्रस्त क्षेत्र के किदवई नगर, इंदिरा नगर, नई बस्ती आदि इलाकों में गैस सिलेंडरों का वितरण करवाया जा रहा है। इसके साथ ही प्रशासन की ओर से सब्जी, दूध तथा अन्य जरूरी सामान वेंडरों के माध्यम से पहुंचाया जा रहा है। इस बीच, केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की अतिरिक्त कंपनियां भी संवेदनशील स्थानों पर तैनात की गयी हैं । इससे पहले इलाके में करीब 1000 जवान पहले से तैनात थे।


Download Android App
Download iOS App



