उत्तराखंड : आज से दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे सीएम शिवराज सिंह चौहान, जनसभाओं को करेंगे संबोधित

Summary :

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज से राज्य के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे

उत्तराखंड में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज से राज्य के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। वे वहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। भाजपा ने राज्य में चुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की सूचि में शिवराज का भी नाम शामिल किया है।  
इन विधानसभा क्षेत्रों में जनसभा को करेंगे संबोधित 
सीएम चौहान अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आज सुबह 11:30 बजे द्वाराहाट के भाजपा प्रत्याशी अनिल शाही, दोपहर 2:25 बजे हरिद्वार ग्रामीण  के प्रत्याशी स्वामी यतिश्वरानंद और शाम 4:20 बजे ज्वालापुर के प्रत्याशी सुरेश राठोर के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री अगले दिन 11 फरवरी को प्रात: 11:20 बजे नैनीताल विधानसभा के प्रत्याशी सरिता आर्या और दोपहर 1:15 बजे यमुनोत्री विधानसभा के प्रत्याशी केदार सिंह रावत और दोपहर 3:30 बजे चकराता विधानसभा के प्रत्याशी रामशरण नौटियाल के समर्थन में चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे। 
14 फरवरी से शुरू होंगे मतदान 
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान विगत उत्तराखंड दौरे में चार चुनावी जनसभा और दो डोर टू डोर जनसंपर्क अभियान में शामिल हो चुके हैं। राज्य में 70 विधानसभा सीटों के लिए 14  फरवरी से मतदान होंगे जिसके परिणाम 10  मार्च को आएंगे।  

Desk Team