उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत कोरोना की चपेट में आ गए हैं। मुख्यमंत्री की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद मुख्यमंत्री ने स्वयं को आइसोलेट कर लिया है। मुख्यमंत्री ने बताया है कि वह स्वस्थ हैं और फिलहाल उन्हें कोई शारीरिक समस्या नहीं है।
मैं सभी के कुशल स्वास्थ्य की कामना करता हूं।
— Tirath Singh Rawat (@TIRATHSRAWAT) March 22, 2021
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने इस विषय में जानकारी देते हुए कहा, मेरी कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। मैं ठीक हूं और मुझे कोई परेशानी नहीं है। डॉक्टर्स की निगरानी में मैंने स्वयं को आइसोलेट कर लिया है। आप में से जो भी लोग गत कुछ दिनों में मेरे निकट संपर्क में आयें हैं, कृपया सावधानी बरतें और अपनी जांच करवाएं। मैं सभी के कुशल स्वास्थ्य की कामना करता हूं।
गौरतलब है कि बीते कई दिनों से मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत लगातार सरकारी कार्यक्रमों में शिरकत कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने दिल्ली में भी कई केंद्रीय मंत्रियों व वरिष्ठ भाजपा नेताओं से मुलाकात की। रविवार को ही मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत नैनीताल जिले में स्थित गर्जिया देवी मंदिर गए थे। यहां उन्होंने अपने मंत्रिमंडल के सहयोगी हरक सिंह रावत, स्थानीय विधायक पार्टी के अन्य नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ मंदिर में पूजा-अर्चना की थी।
इससे पहले मुख्यमंत्री भाजपा प्रदेश कार्यालय देहरादून में कोर ग्रुप की बैठक में भी शामिल हुए थे। रविवार को ही विश्व वानिकी दिवस के अवसर पर नैनीताल जनपद के रामनगर में आयोजित एक कार्यक्रम में भी मुख्यमंत्री ने हिस्सा लिया था। इस कार्यक्रम में भी मुख्यमंत्री के साथ उनके कैबिनेट सहयोगी वह विधायक मौजूद थे इसके अलावा वन विभाग के कई अधिकारी क्षेत्रीय प्रशासनिक अधिकारी व अन्य लोग भी इस कार्यक्रम में मौजूद थे। यही कारण है कि अब मुख्यमंत्री ने उनके संपर्क में आए सभी लोगों से सावधानी बरतने और अपनी कोरोना जांच करवाने का आग्रह किया है।


Download Android App
Download iOS App



