Uttarakhand News: आपदा प्रबंधन को लेकर हाई अलर्ट पर सरकार, CM पुष्कर सिंह धामी ने दिए सख्त निर्देश

Summary :

उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को सचिवालय स्थित आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से केदारनाथ मंदिर का जायजा लिया।

उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को सचिवालय स्थित आपदा प्रबंधन कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ऑनलाइन माध्यम से केदारनाथ मंदिर का जायजा लिया। प्रदेश में बारिश के मद्देनजर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही आपदा के लिहाज से संवेदनशील चमोली और पिथौरागढ़ के जिलाधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट रहने को कहा।
बारिश तथा राहत कार्यों की तैयारियों का अपडेट लिया
आपको बता दें मुख्यमंत्री ने हरिद्वार, पिथौरागढ़ और चमोली के डीएम से बारी-बारी से फोन पर बात की और बारिश तथा राहत कार्यों की तैयारियों का अपडेट लिया। सीएम ने हरिद्वार के विभिन्न इलाकों में जलभराव की स्थिति से जल्द और व्यवस्थित तरीके से निपटने को कहा।सीएम ने आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग के अफसरों से कहा कि जिन क्षेत्रों में बारिश जारी है, वहां के अफसरों के साथ लगातार संपर्क रखें। 
संवेदनशील स्थलों पर जेसीबी की व्यवस्था की जाए
मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर में नदी-नालों के इर्द-गिर्द रहने वाले लोगों को सतर्क करने के भी निर्देश दिए। सीएम ने कहा कि आपदा जैसी स्थिति में लोगों के पुनर्वास को हर जिले में रैन बसेरे और राहत सामग्री का पर्याप्त इंतजाम किया जाए। आपदा की दृष्टि से संवेदनशील स्थलों पर जेसीबी की व्यवस्था की जाए। 

Desk Team