उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी (उपपा) ने कहा कि पिछले 21 वर्षों में राज्य की आम जनता के साथ खिलवाड़ करने वाली कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में चुनाव से ऐन पहले ‘आया राम, गया राम का खेल’ शुरू हो गया है। जिसे उन्होंने दुर्भाज्ञपूर्ण बताया। उपपा के केंद्रीय अध्यक्ष पी.सी तिवारी ने एक बयान जारी कर कहा कि उत्तराखंड के प्राकृतिक संसाधनों, जमीनों को पूंजीपतियों- माफियाओं को लुटाने वाले राजनैतिक दल राज्य की मूल अवधारणा और अपनी असफलताओं को छुपाने के लिए सोची समझी साजिश से हर बार ये खेल खेलते हैं जिससे प्रदेशवासियों को सावधान रहने की जरूरत है।
तिवारी ने आगे कहा कि राज्य की अस्मिता खतरे में है। खेती चौपट हो गई है, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महंगाई चरम पर है। मजदूर, किसान, सरकारी कर्मचारी सड़कों पर हैं पर सत्ता को पूंजीपतियों के हाथों गिरवी रखने वाले राजनीतिक दल ‘आया राम गया राम का खेल खेलने’ से बाज नहीं आ रहे हैं।
उपपा अध्यक्ष ने कहा कि जिन लोगों ने सार्वजनिक एवं राजनीतिक जीवन को धंधा बना दिया है। ये लोग कपड़े की तरह सिद्धांत एवं पार्टियां बदल कर अपने निहित स्वार्थ को पूरा कर रहे हैं वे कभी भी जनता का भला नहीं कर सकते हैं। उपपा अध्यक्ष ने कहा कि जनता को इनसे सावधान रहने की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तराखंड की अस्मिता की रक्षा उपपा जैसी संघर्षशील, विचारशील पार्टी कर सकती है।


Download Android App
Download iOS App



