विधानसभा चुनाव में मिली हार के बावजूद पुष्कर सिंह धामी को उत्तराखंड की कमान मिलने जा रही है। बीजेपी ने धामी को एक बार फिर मुख्यमंत्री बनाने का फैसला किया है। बुधवार यानी कल उनकी ताजपोशी की जाएगी। धामी के साथ उनकी कैबिनेट को भी कल ही शपथ दिलाई जाएगी।
जानकारी के मुताबिक, उत्तराखंड के मनोनीत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 23 मार्च को दोपहर 3.30 बजे सीएम पद की शपथ लेंगे। धामी के साथ उनकी कैबिनेट को भी शपथ दिलाई जाएगी। शपथ ग्रहण समारोह देहरादून के परेड ग्राउंड में होगा। सोमवार को विधायक दल की बैठक में धामी को पुनः सीएम बनाने का फैसला लिया गया।
धामी पर क्यों है BJP को भरोसा?
पुष्कर सिंह धामी इन चुनावों में खटीमा विधानसभा सीट से हार गए थे। बावजूद उन्हें प्रदेश की कमान सौंपी जा रही है, क्योंकि बीजेपी धामी की अगुवाई में विधानसभा चुनाव मैदान में उतरी थी। भले ही वह हार गए, लेकिन पार्टी को जीत हासिल हुई। मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने केवल छह महीने ही काम लेकिन चुनाव प्रचार में जबरदस्त भूमिका निभाकर वह जनता के दिल में एक अच्छे नेता की छवि बनाने में कामयाब रहे।
धामी ने बहुत कम समय में ही जनता के बीच अपनी अच्छी छवि बनाई। 46 वर्षीय धामी देवभूमि के युवाओं को भी प्रभावित करने में सफल रहे। इसके साथ ही उनका संघ से जुड़ाव और ईमानदार छवि भी उनकी सीएम पद पर वापसी का एक जबरदस्त कारण है। धामी को मुख्यमंत्री के रूप में भले ही कम समय मिला, लेकिन वह खुद को साबित करने में पूरी तरह सफल रहे।


Download Android App
Download iOS App



