उत्तराखंड के नैनीताल में बड़ा हादसा हुआ है। रामनगर की ढेला नदी में पर्यटकों से भरी अर्टिगा कार बह गई। इस हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई है। जबकि, एक महिला समेत 2 लोगों को बचा लिया गया है। जानकारी के मुताबिक कार में कुल 11 लोग सवार थे। सभी पर्यटक पंजाब के रहने वाले थे।
रामनगर कोटद्वार रोड के बीच स्थित कॉर्बेट नेशनल पार्क के ढेला जोन में यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि पंजाब के रहने वाले 11 लोग आर्टिगा गाड़ी में उत्तराखंड के पर्यटन स्थलों पर घूमने के लिए निकले थे। घटना सुबह 5 बजे की बताई जा रही है।

चेतावनी के बावजूद नहीं माना ड्राइवर और …
भारी बारिश के चलते नदी उफन रही थी और पुल के ऊपर से पानी बह रहा था। इसके बावजूद ड्राइवर ने सावधानी नहीं बरती और गाड़ी को तेज रफ्तार में पुल से पार कराने लगा। लेकिन तेज धार के चलते पर्यटकों से भरी यह कार नदी में गिर गई। इस दौरान स्थानीय युवक ने ड्राइवर को रोकने की कोशिश की लेकिन वो नहीं माना और हादसा हो गया।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन के साथ तत्परता दिखाते हुए एक महिला समेत 2 लोगों को सकुशल बचा लिया है। एसडीएम गौरव चटवाल ने बताया कि हादसे में 3 पुरुष और 6 महिलाओं की मौत हुई है। तीनों पुरुष पटियाला पंजाब के थे। दो महिलाएं रामनगर की रहने वाली थीं। एसडीएम ने कहा कि बाकी चीजें जांच के बाद ही सामने आ पाएंगी। गौरव चटवाल ने बताया कि हादसे का कारण कार का तेज रफ्तार में होना सामने आया है।
इस मामले में चश्मदीद का बयान भी सामने आया है। चश्मदीद ब्रह्मपाल का कहना है कि उन्होंने कार सवार पर्यटकों को रोकने की बहुत कोशिश की। लेकिन वो लोग नहीं माने। जिसके बाद इतना बड़ा हादसा हो गया, जिसमें 9 लोगों की जान चली गई।


Download Android App
Download iOS App



