Uttarakhand: बदरीनाथ, गंगोत्री धामों में बदल रहा मौसम का मिजाज, केदारनाथ में बर्फबारी, जानिए पूरा हाल

Summary :

उत्तराखंड में चार धाम यात्रा शुरू हो गई है।इसके साथ ही देश के कई राज्यों से तीर्थ यात्री चारों धामों में दर्शन करने को पहुंच रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से उत्तराखंड में मौसम लगातार करवट ले रहा है, लेकिन इसके बावजूद भी तीर्थ यात्रियों की बदरीनाथ, गंगोत्री-यमुनोत्री समेत चारों धामों में भारी भीड़ देखी जा रही है।

उत्तराखंड में चार धाम यात्रा शुरू हो गई है।इसके साथ ही देश के कई राज्यों से तीर्थ यात्री चारों धामों में दर्शन करने को पहुंच रहे हैं। पिछले कुछ दिनों से उत्तराखंड में मौसम लगातार करवट ले रहा है, लेकिन इसके बावजूद भी तीर्थ यात्रियों की बदरीनाथ, गंगोत्री-यमुनोत्री समेत चारों धामों में भारी भीड़ देखी जा रही है।
आपको बता दें 25 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के बाद से अब तक बर्फबारी का दौर जारी है। पिछले 15 दिनों में से 13 दिनों तक केदारनाथ धाम में बर्फबारी हुई है। सोमवार, और मंगलवार को केदारनाथ में बर्फबारी के बाद तीर्थ यात्रियों के टेंटों में आधा फीट तक बर्फ जम गई। एक बार फिर केदारनाथ में  बर्फबारी का सिलसिला फिर शुरू हो गया है।केदारनाथ धाम में यूं तो कब बर्फबारी हो जाए कहा नहीं जा सकता है किंतु मई माह में भी लगातार बर्फबारी हो ऐसा कम ही देखा गया है। मंगलवार शाम को भी केदारनाथ में बर्फबारी हुई। जबकि सोमवार रात केदारनाथ धाम में करीब तीन घंटे बर्फबारी हुई जिससे यात्रियों को भी मुश्किलें उठानी पड़ी।
बर्फबारी के कारण तीर्थयात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा रहा
इस साल यात्रा पर मौसम की मार लगातार जारी है। बीते तीन दिन केदारनाथ में मौसम ठीक रहा किंतु फिर से बर्फबारी ने सभी की मुश्किलें बढ़ा दी है। सोमवार रात11 बजे से बर्फबारी शुरू हो गई जो रात 1 बजे तक जारी रही। इस बीच टैंटों के ऊपर बर्फ जमा हो गई जिसे पुलिस के प्रयासों से हटाया गया।कई टैंट संचालकों ने टेंटों की बर्फ हटाई। रात करीब आधा फीट नई बर्फ गिरी। उधर मंगलवार को भी सांय के दौरान केदारनाथ में बर्फबारी हुई। सुबह हल्की धूप रही जबकि दिन में बादल छा गए। सांय होते ही बर्फबारी हुई और फिर हल्की धूप लग गई। बर्फबारी के कारण यहां तीर्थयात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा रहा है।
यात्रा के नए पंजीकरण पर रोक लगाई गई
उत्तराखंड मौसम पूर्वानुमान में चेतावनी के बाद उत्तराखंड सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं के नए पंजीकरण पर 15 मई तक रोक लगा दी गई है। खराब मौसम और विषम परिस्थितियों को देखते हुए यात्रा के नए पंजीकरण पर रोक लगाई गई है।  

Desk Team