जेएनयू हिंसा को लेकर अहमदाबाद में कांग्रेस और भाजपा की छात्र इकाइयों के बीच हिंसा

Summary :

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में हुई हिंसा के विरोध में अहमदाबाद में प्रदर्शन कर रही कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई तथा भाजपा की छात्र इकाई अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं के बीच यहां संघर्ष हुआ।

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में हुई हिंसा के विरोध में अहमदाबाद में प्रदर्शन कर रही कांग्रेस की छात्र इकाई एनएसयूआई तथा भाजपा की छात्र इकाई अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं के बीच यहां संघर्ष हुआ। एनएसयूआई के कार्यकर्ता जब पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार शहर के पालडी स्थित परिषद के कार्यालय की घेरेबंदी कर विरोध के लिए जा रहे थे तभी दोनो पक्षों में संघर्ष हो गया। मौके पर पहले से ही पुलिस तैनात थी।
 इस दौरान पत्थरबाजी भी हुई। छात्रों ने लाठी डंडे से भी एक दूसरे पर प्रहार किया। भाजपा के युवा मोर्चा के अध्यक्ष रित्विज पटेल ने कहा कि दोनो पक्षों में संघर्ष हुआ है और वह हिंसा का समर्थन नहीं करते। उधर, परिषद के कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि एनएसयूआई के लोग छुरी और डंडे लेकर प्रदर्शन करने आये थे। 
इस बीच एनएसयूआई के एक कार्यकर्ता ने बताया कि जब वह प्रदर्शन करने जा रहे थे तभी उन्हें परिषद के लोगों ने भगा दिया। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अब तक किसी के घायल होने अथवा धरपकड़ की सूचना नहीं है।

Desk Team