मध्यप्रदेश में सीएए और एनआरसी के विरोध में प्रदर्शन काफी हद तक शांतिपूर्ण रहे लेकिन अब सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें कथित तौर पर पुलिस के जवान जबलपुर की एक इमारत में खड़े वाहनों को नुकसान पहुंचाते दिख रहे हैं।
सोशल मीडिया में यह वीडियो सामने आने के बाद जबलपुर पुलिस ने कहा कि वह इसकी जांच करेगी। सीएए व एनआरसी के विरोध में प्रदर्शनों के दौरान हिंसा होने के बाद जबलपुर में पिछले सप्ताह शुक्रवार को कर्फ्यू लगाया गया था।
उत्तर प्रदेश पुलिस के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर यह वीडियो आया जिसे लेकर उत्तर प्रदेश पुलिस ने दावा किया है, ‘‘वीडियो में दिखाई गई घटना यूपी पुलिस से संबंधित नहीं है। यह वीडियो जबलपुर, मध्यप्रदेश का है।’’ सोशल मीडिया में यह वीडियो उत्तर प्रदेश की घटना के रुप में वायरल होने के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस का यह स्पष्टीकरण आया है।
यह वीडियो एक घर के अंदर से छुपकर लिया गया है जिसमें दिख रहा है कि पुलिसकर्मी अपने डंडों से कारों के कांच तोड़ रहे हैं। ये कारें एक इमारत की पार्किंग में खड़ी हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस के इस ट्वीट के बाद मध्यप्रदेश पुलिस ने कहा कि वह पड़ोसी राज्य की पुलिस द्वारा साझा किये गये वीडियो का सत्यापन करेगी।
जबलपुर के पुलिस अधीक्षक :एसपी: अमित सिंह ने यूपी पुलिस द्वारा ट्विटर पर वीडियो साझा करने पर आश्चर्य व्यक्त करते हुए कहा कि हम वीडियो की प्रमाणिकता की जांच करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



