पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस की स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की अध्यक्षता में बुधवार को सर्वदलीय बैठक बुलाई गई है। राज्य के एक वरिष्ठ मंत्री ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि दोपहर में राज्य सचिवालय नबन्ना में आयोजित होने वाली इस बैठक में उन सभी राजनीतिक दलों के नेताओं के शामिल होने की संभावना है जिनका राज्य विधानसभा में प्रतिनिधित्व है।
उन्होंने कहा कि बैठक में विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी भी मौजूद रहेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘बैठक में कोरोना वायरस से संबंधित स्थिति के अलावा, राज्य में लॉकडाउन पर भी चर्चा होगी। कुछ राजनीतिक दल एक सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग कर रहे थे। इसलिए ऐसी बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया है, जहां विचारों का आदान-प्रदान हो सके।’’
इंदौर में कोरोना संक्रमितों की संख्या 4370 से अधिक, मरने वालों का आंकड़ा 200 के पार
पश्चिम बंगाल सरकार ने राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन शुरू होने के ठीक बाद मार्च में महामारी पर चर्चा के लिए इसी तरह की बैठक बुलाई थी। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राज्य में रविवार तक कोरोना वायरस से मरने वालों की कुल संख्या 555 हो गई, जबकि कुल मामले बढ़कर 13,531 हो गए। विपक्ष ने इस महामारी से निपटने में कथित कुप्रबंधन को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है जिसे सत्तारूढ़ दल ने आधारहीन बताकर खारिज किया है।


Download Android App
Download iOS App



