पश्चिम बंगाल से आए दिन राजनीतिक हिंसा और हत्या के मामले सामने आते रहते हैं। सोमवार को बीजेपी नेता कृष्णेंदु मुखर्जी ने आरोप लगाया कि ‘‘तृणमूल कांग्रेस के गुंडों’ ने पश्चिम वर्द्धमान जिले के आसनसोल में उनकी कार पर गोलियां चलाईं, लेकिन हमलावर वाहन का दरवाजा खोलने में नाकाम रहे, जिसके कारण उनकी जान बच गई।
उधर, टीएमसी ने बीजेपी नेता के आरोपों को खारिज कर दिया और कहा कि इस घटना का कारण मुखर्जी की पुरानी रंजिशें हो सकती हैं। मुखर्जी ने कहा, ‘‘जब मैं रविवार रात को कोलकाता से आसनसोल के हीरापुर स्थित अपने घर लौट रहा था, तभी तीन अज्ञात लोगों ने मेरे घर के निकट मेरी कार रोकी और दरवाजे खोलने की कोशिश की। दरवाजा खोलने में नाकाम रहने पर उन्होंने वाहन पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। मुझे आशंका है कि ये लोग तृणमूल कांग्रेस के गुंडे थे।’’
उन्होंने कहा, ‘‘चालक मदद के लिए चिल्लाया और मैंने स्थानीय लोगों का ध्यान खींचने के लिए बार-बार हॉर्न बजाया, जिसके बाद हमलावर घटनास्थल से फरार हो गए।’’ मुखर्जी ने आरोप लगाया कि इस हमले के पीछे तृणमूल का हाथ है। उन्होंने कहा कि उन्होंने भाजपा के वरिष्ठ नेताओं को घटना की जानकारी दे दी है।
तृणमूल कांग्रेस के आसनसोल दक्षिण के विधायक तापस बनर्जी ने आरोपों को खारिज किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुखर्जी जबरन वसूली, तस्करी और हत्या के मामलों में आरोपी हैं और इस घटना का कारण उनकी कोई पुरानी दुश्मनी हो सकती है। हीरापुर पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि मुखर्जी से एक शिकायत मिली है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



