राजस्थान में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने साइकिल रैली के रुप में किसानों के समर्थन में आज दोपहर जयपुर से दिल्ली कूच किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। किसानों की आवाज मजबूत करने के लिए एनएसयूआई कार्यकर्ताओं की साइकिल रैली अमर जवान ज्योति से दिल्ली के लिए रवाना हुई।
रैली एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज कुंदन एवं प्रदेशाध्यक्ष अभिषेक चौधरी के नेतृत्व में दिल्ली रवाना हुई हैं। यह रैली दिल्ली के रास्ते में बहरोड़ में रुकेगी और इसके बाद फिर दिल्ली के लिए रवाना हो जायेगी। बताया जा रहा है कि यह रैली छह जनवरी को दिल्ली पहुंचकर किसान आंदोलन में शामिल होगी।
इस अवसर पर डोटासरा ने कहा कि आज चालीस दिन से किसान आंदोलन कर रहे हैं लेकिन केंद्र सरकार सुनवाई नहीं कर रही हैं। इस दौरान चालीस से अधिक किसान आत्महत्या कर चुके हैं। लेकिन केंद्र सरकार उनकी बात नहीं सुन रही है।
डोटासरा ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि जिस किसान के वोट के कारण सत्ता में आई सरकार आज वोट की नहीं सुन रही हैं और वह अन्नदाता की न होकर पैसेदाता की हो गई हैं। इस मौके राजस्व मंत्री मंत्री हरीश चौधरी, उच्च शिक्षा मंत्री भंवर सिंह भाटी, परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास एवं खेल मंत्री अशोक चांदना भी मौजूद थे।


Download Android App
Download iOS App



