पश्चिम बंगाल : गृह मंत्री शाह का आज से तीन दिवसीय दौरा, कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल

Summary :

गृह मंत्री के पांच मई को दार्जिलिंग में विभिन्न राजनीतिक और गैर-राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों से मिलने की संभावना है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज से छह मई के बीच पश्चिम बंगाल के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। वह शाम को कोलकाता हवाई अड्डे पर उतरेंगे और अगले दिन सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक समारोह में भाग लेने के लिए उत्तर 24 परगना जिले के हिंगलगंज जाएंगे। इसके बाद वह उत्तर बंगाल के दार्जीलिंग जिले के बागडोगरा के लिए उड़ान भरेंगे और सिलीगुड़ के रेलवे इंस्टिट्यूट ग्राउंड में एक रैली को संबोधित करेंगे।
कूचबिहार भी जाएंगे शाह
गृह मंत्री के पांच मई को दार्जिलिंग में विभिन्न राजनीतिक और गैर-राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों से मिलने की संभावना है। इसके अगले दिन अगले दिन शाह कूचबिहार जाएंगे और तीन बीघा में एक सरकारी कार्यक्रम में शामिल होंगे। वह छह मई को अपराह्न कोलकाता लौटेंगे और दिल्ली लौटने से पहले उनके राज्य के शीर्ष भाजपा नेताओं के साथ बैठक करने की उम्मीद है।

राज्य में पार्टी को मजबूत करना है मकसद : सूत्र
वर्ष 2021 में हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद गृह मंत्री शाह का यह पहला बंगाल दौरा है। सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे का मकसद राज्य में पार्टी संगठन को मजबूत करना है।

Desk Team