पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान होने से दो दिन पहले निर्वाचन आयोग ने बृहस्पतिवार को एक आईएएस और चार आईपीएस अधिकारियों को हटा दिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। आदेश के अनुसार, अतिरिक्त महानिदेशक (पश्चिम जोन) संजय सिंह को हटाकर राजेश कुमार को नियुक्त किया गया है।
झाड़ग्राम की जिलाधिकारी और जिला निर्वाचन अधिकारी आयशा रानी को हटाकर उनके स्थान पर जोयेशी दासगुप्ता को नियुक्त किया गया है। झाड़ग्राम में 27 मार्च को पहले चरण का मतदान होना है। अधिकारियों ने बताया कि निर्वाचन आयोग ने इस जिले में केंद्रीय बलों की 127 कंपनियों को तैनात करने का निर्णय लिया है।
आदेश के अनुसार, डायमंड हार्बर के पुलिस अधीक्षक अभिजीत बनर्जी को हटाकर उनके स्थान पर अरिजीत सिन्हा को कार्यभार सौंपा गया है। इसी प्रकार कूचबिहार में देवाशीष धर को नया एसपी बनाया गया है। धर से पहले यह जिम्मेदारी के. कन्नन संभाल रहे थे।
कोलकाता में पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) सुधीर नीलकंठ के स्थान पर आकाश माघरिया को कार्यभार सौंपा गया है। आयोग के सूत्रों ने कहा कि कई विपक्षी दलों द्वारा शिकायतें मिली थीं कि ये अधिकारी चुनाव में गड़बड़ी कर सकते हैं इसलिए आयोग को यह निर्णय लेना पड़ा।


Download Android App
Download iOS App



