डब्ल्यूएचओ ने मध्य प्रदेश को दिए 100 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर

Summary :

डब्ल्यूएचओ द्वारा भेजे 100 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर मध्य प्रदेश पहुंचे। चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि डब्ल्यूएचओ के माध्यम से 4000 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर अलग-अलग राज्यों को प्राप्त हुए हैं।

कोरोना संक्रमित मरीजों के उपचार में ऑक्सीजन मददगार होती है। ऑक्सीजन की कमी से जूझ रहे मरीजों के लिए ऑक्सीजन कंसंट्रेटर बड़ा सहारा बनते हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) कई राज्यों को ऑक्सीजन कंसंट्रेटर दे रहा है, मध्य प्रदेश को बुधवार को 100 कंसंट्रेटर प्राप्त हुए। चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि डब्ल्यूएचओ के माध्यम से 4000 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर अलग-अलग राज्यों को प्राप्त हुए हैं। यह कंसंट्रेटर मरीजों के इलाज के लिए  उपयोगी साबित होंगे। राज्य को इसी क्रम मे 100 कंसंट्रेटर प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने कहा कि कोरोना की रोकथाम के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। उसी का नतीजा है कि प्रदेश में पॉजिटिविटी रेट में कमी और रिकवरी रेट में बढ़ोत्तरी हुई है। जनता के आत्म-अनुशासन से प्रदेश का स्थान कोरोना के आकड़ों में नीचे आया है।
मंत्री सारंग ने कहा कि म्यूकोरमाइक्रोसिस (ब्लैक फंगस) के इलाज के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। पांच मेडिकल कॉलेजों में निशुल्क उपचार की व्यवस्था की गई है। ब्लैक फंगस के उपचार के लिए टास्क फोर्स का गठन भी किया गया है। अगले 15 दिन म्यूकोरमाइक्रोसिस की प्राथमिक लक्षणों पर पहचान कर उसके उपचार का अभियान चलाया जा रहा है।

Desk Team