ऑक्सीजन सांद्रकों की जमाखोरी और कालाबाजारी करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए रेस्तरां मालिक नवनीत कालरा से दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। कालरा को रविवार रात गुरुग्राम से पकड़ा गया था और सोमवार को उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।
उसके स्वामित्व वाले खान चाचा, टाउन हॉल, और नेगा-जू रेस्तराओं से 500 से अधिक ऑक्सीजन सांद्रक जब्त किए गए थे और वह एक सप्ताह से अधिक समय तक फरार रहा।सूत्रों ने बताया कि मामले की जांच कर रही अपराध शाखा ने कालरा से दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं जो आगे की जांच के लिए एफएसएल भेज दिए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि जांच के क्रम में अपराध शाखा कालरा को मंगलवार को दिल्ली स्थित उसके तीन रेस्तराओं में ले गई।इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि कालरा को खान चाचा, टाउन हॉल, और नेगा-जू रेस्तरां ले जाया गया जहां से ऑक्सीजन सांद्रक बरामद हुए थे।
पुलिस ने कहा कि उसे आवश्यक चिकित्सा जांच के लिए भी ले जाया गया।दिल्ली उच्च न्यायालय ने कालरा की जमानत याचिका पर मंगलवार को जल्द निर्णय देने से इनकार कर दिया था। इससे एक दिन पहले एक अदालत ने उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया था।


Download Android App
Download iOS App



